मनेंद्रगढ़ | मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, पार्टी की विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की आज़ादी से लेकर आज तक लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी प्रहरी रही है। स्थापना दिवस हमें यह याद दिलाता है कि आमजन की आवाज बनकर संघर्ष को और तेज़ करना होगा। पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक सशक्त विचारधारा है, जिसने हमेशा गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया।


