छिंदवाड़ा के परासिया में जहरीले कफ सिरप कांड में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने रसेला मेडिकल स्टोर के संचालक अनिल रसेला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। रसेला मेडिकल स्टोर से खरीदे गए कफ सिरप के सेवन से एक साढ़े तीन साल के बच्चे की मौत हो गई थी। 4 अक्टूबर को प्रकरण दर्ज होने के बाद से पुलिस लगातार गिरफ्तारियां कर रही है। कफ सिरप से फेल हो गई थी बच्चे की किडनी जांच में सामने आया है कि रसेला मेडिकल स्टोर से खरीदे गए ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप के सेवन से उमरेठ मोरडोंगरी निवासी साढ़े तीन वर्षीय मयंक सूर्यवंशी की किडनी फेल हो गई थी। इलाज के दौरान 8 अक्टूबर को बच्चे का निधन हो गया था। 22 सितंबर को हुआ था बच्चे का इलाज डीएसपी जितेन्द्र जाट ने बताया कि बच्चे का 22 सितंबर को डॉ. अमन ठाकुर द्वारा इलाज किया गया था। जांच के दौरान कफ सिरप की बिक्री और उससे जुड़े तथ्यों के आधार पर रसेला मेडिकल स्टोर संचालक अनिल रसेला को आरोपी बनाया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। एक और मेडिकल शॉप और दो डॉक्टर रडार पर पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में एक अन्य मेडिकल शॉप और दो डॉक्टर अभी भी जांच के दायरे में हैं। वहीं, कुंडीपुरा थाने में दर्ज एक अन्य मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसआईटी मामले की हर कड़ी की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई की संभावना है।


