बाड़मेर जिला स्तरीय जनसुनवाई जिला कलेक्टर टीना डाबी की ओर से गुरुवार को की गई। इसमें अलग-अलग उपखंड इलाके के लोग बिजली, पानी, अतिक्रमण सहित अलग-अलग समस्याएं लेकर आए। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। ऐसे भी कई परिवादी थे जनसुनवाई में दो-तीन बार पहुंचे लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इस पर कलेक्टर ने लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। बॉर्डर के गांव में बस सेवा बंद बॉर्डर के गांव अकली में बस सेवा बंद होने पर हो रही परेशानी को लेकर जिला प्रशासन को अवगत करवाकर बस सेवा फिर से शुरू करने की मांग की। अकली गांव के ग्रामीण जनसुनवाई में पहुंचे। उनका कहना है कि 20 सालों से बाड़मेर से अकली गांव बस चल रही थी। बीते माह रोडवेज ने बंद कर दी। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धोरीमन्ना इलाके भीमथल गांव में ओरण गोचर की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत लेकर भी ग्रामीण पहुंचा। परिवादी की समस्या का समाधान के लिए धोरीमन्ना तहसीलदार से पूछा गया। तहसीलदार ने कहा- 71 अतिक्रमण थे उसमें से 41 अतिक्रमण हटा दिए हैं। 30 लोगों के पास विकल्प के तौर पर मकान नहीं था, उन्हें बेदखल नहीं किया। एडीएम ने कहा- उन्हें बेघर नहीं करना है। परिवादी ने कहा- उनको नोटिस देकर पाबंद करो कि दो-तीन माह में मकान बना लें। जिला स्तरीय जनसुनवाई विधायक आदूराम मेघवाल, एडीएम राजेंद्र सिंह चांदावत, बाड़मेर एसडीएम वीरमाराम, यूआईटी सचिव श्रवण सिंह राजावत, एएसपी जसाराम बोस, कोषाधिकारी जसराम चौहान, सुरेंद्र सिंह भाटी, अधीक्षण अभियंता सुराराम, अशोक कुमार मीना हजारीराम बालवा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


