इंदौर से गाजियाबाद की सीधी उड़ान बंद:यात्रियों की कमी के कारण इंडिगो ने लिया निर्णय, हैदराबाद उड़ान को भी बंद किया

इंदौर से गाजियाबाद के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बुरी खबर है। इंडिगो एयरलाइंस द्वारा इंदौर से गाजियाबाद के बीच शुरू की गई सीधी उड़ान को कंपनी ने बंद कर दिया है। कुछ ही समय संचालन के बाद कंपनी द्वारा इस उड़ान को बंद किए जाने से गाजियाबाद जाने वाले यात्रियों को अब दोबारा दिल्ली होकर जाना पड़ेगा। इंडिगो एयरलाइंस ने केंद्र सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम उड़ान के तहत इंदौर से गाजियाबाद के बीच 21 जुलाई से सीधी उड़ान की शुरुआत की थी। कंपनी का कहना था कि इस उड़ान के शुरू होने से इंदौर से गाजियाबाद और दिल्ली के साथ ही उत्तरप्रदेश के आसपास के शहरों में भी जाना आसान होगा।
यह भी बताया गया था कि दिल्ली में लगातार बढ़ते उड़ानों के दबाव को देखते हुए शासन दिल्ली तक जाने वाले यात्रियों के लिए विकल्प के एयरपोर्ट के रूप में भी गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट को देख रहा है, जहां से मात्र 20 से 30 मिनट के सफर में यात्री दिल्ली जा सकते हैं।
उड़ान स्कीम के तहत शुरू होने के कारण इसका किराया इंदौर से दिल्ली की सामान्य उड़ानों की अपेक्षा कम भी था, लेकिन हाल ही में कंपनी ने इस उड़ान को बंद कर दिया है। इसके कारण इंदौर से यूपी के शहर का कनेक्शन टूट गया है और गाजियाबाद के यात्रियों से सुविधा भी छिन गई है। यात्रियों की कमी बनी कारण
ट्रैवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि शुरुआत से ही इस फ्लाइट को अपेक्षा से कम यात्री मिल रहे थे, क्योंकि इंदौर से गाजियाबाद के बीच सफर करने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा नहीं है। उन्होंने बताया कि कई बार इंडिगो इस उड़ान को गाजियाबाद के बजाय दिल्ली में भी उतार रही थी। यात्रियों की कमी के चलते संभवतः कंपनी ने इस उड़ान को बंद किया है। इंडिगो ने बंद की हैदराबाद की उड़ान
इंडिगो ने अपनी सुबह 6:30 बजे संचालित होने वाली इंदौर-हैदराबाद उड़ान (फ्लाइट 6 E-377/378) को स्थाई रूप से बंद कर दिया है। इस रूट पर केवल दो उड़ानें ही बची हैं। इंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, हैदराबाद से सुबह 7:25 बजे लौटने वाली रिटर्न फ्लाइट भी रद्द कर दी गई है। ट्रैवल एजेंट ने बताया कि हाल ही में जयपुर, मुंबई और दिल्ली रूॅट की उड़ानें भी निरस्त होने से शहर की कनेक्टिविटी कम होती जा रही है, जिसका असर बिजनेस और ट्रैवल दोनों सेक्टर पर पड़ रहा है। हैदराबाद की दो उड़ान बची
ट्रैवल एजेंट्स कटारिया ने बताया कि इंडिगो द्वारा उड़ानें बंद करने की यह श्रृंखला पिछले कई दिनों से जारी है। हैदराबाद के लिए पहले तीन उड़ानें थीं, जिसमें से अब दो ही बची हैं। सुबह की उड़ान बंद होने से कारोबारी यात्रियों व मेडिकल यात्रा करने वालों को सबसे ज्यादा दिक्कत होगी। इसके अलावा आईटी कंपनियों में काम करने वाले यात्रियों को भी परेशानी होगी। ये खबर भी पढ़ें… इंदौर एयरपोर्ट को फ्लाइट कैंसिल होने से करोड़ों का नुकसान इंडिगो की लगातार उड़ानें रद्द होने का असर सिर्फ यात्रियों पर ही नहीं, बल्कि इंदौर एयरपोर्ट अथॉरिटी की आय पर भी पड़ा है। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट को बीते पांच दिनों में करीब दो करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। उड़ानें रद्द होने से होटल, पर्यटन और टैक्सी उद्योग के साथ-साथ एयरपोर्ट की राजस्व व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल होने का सिलसिला अब भी जारी है और पिछले दो दिनों से रोज एक से दो उड़ानें निरस्त हो रही हैं। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *