प्रयागराज में चोरी और कबूलनामे का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जनवरी 2023 में हुई चोरियों का खुलासा पुलिस तो नहीं कर सकी लेकिन जिनके घर चोरी हुई थी तीन साल बाद उन लोगों ने चोर को तलाश लिया। गांव के जो युवक चोरी कर रहे थे। उन्हें शक के आधार पर दारू और मुर्गा पार्टी में बुलाया। यहां खूब शराब पिलाई। इसके बाद उसने अपने साथ चोरी में शामिल युवकों की पोल खोल दी।इतना ही नहीं 3 साल बाद गांव के खेत में जमीन खोदकर दफनाए गए चोरी के सामान को भी नशे की हालत में बरामद करा दिया। लोगों ने सामान बरामद कराते समय वीडियो भी बनाया नशे में युवक जमीन खोद खोद कर चोरी का सामान बरामद करता रहा। चोरी के कबूलनामे, सामान बरामदगी के दौरान का वीडियो भी बना लिया गया। युवक नशे की हालत में सब कबूल कर रहा है। कैसे चोरी हुई, कौन कौन था यह वह बक रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। अब उन युवकों के घर छापेमारी की जाने लगी है। जानिए क्या है पूरा मामला प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के कटाता जलालपुर गांव में राम सजीवन पटेल रहते हैं। उनके यहां 20 जनवरी 2023 को चोरी हुई। चोर पानी की मोटर, सबमर्सिबल मशीन ले गए। राम सजीवन ने 21 जनवरी 2023 पुलिस का तहरीर दी कि रामजस के बेटे शंकर लाल पटेल और धर्मेंद्र पटेल ने चोरी की है। पुलिस दोनों को पकड़कर ले आई। पूछताछ की लेकिन कुछ पता नहीं चला। ऐसे में पुलिस ने शांतिभंग में उनका चालान कर दिया। इसके बाद भी गांव में चोरियां होती रहीं। गांव के तहसीलदार पटेल, इंद्रपाल पटेल समेत अन्य लोगों के घर चोरियां हुईं लेकिन कोई पकड़ा नहीं गया। रामसजीवन के परिवार वालों को शक था कि चोरी रामजस ने ही की हे। ऐसे में जिन युवकों पर शक था उन्हें पकड़ने की योजना बनाई। 25 दिसंबर 2025 को युवकों ने शराब पार्टी रखी। खेत में इंतजाम हुआ। रामजस को दारू पार्टी में बुलाया गया। योजना के तहत उसे जमकर पिलाया गया। अंत तक रामजस नशे में धुत हो गया और बड़बड़ाने लगा। इसके बाद जब लोगों ने उससे चोरी के बारे में पूछा तो वह खुलकर बोलने लगा। वह खुलासा करने लगा कि उनके साथ कौन-कौन था। इतना ही नहीं नशे में वह खेतों के बगल उन जगहों पर ले गया जहां चोरी का सामान जमीन में खोदकर छिपाया गया था। रामसजीवन पटेल की मोटर भी जमीन खोदकर बरामद कराई गई। चोरी के तीन साल तक मोटर बिकी क्यों नहीं इस पर रामजस ने बताया कि जिस रात चोरी की थी उस रात भी खूब नशे में था। बाद में और चोरियों का सामान बेचते रहे लेकिन इस जगह को भूल गया था। अब 3 साल बाद शराब के नशे में वह जगह भी मिल गई। ग्रामीणों ने चोरी के कबूलनामे, सामान बरामद करने का वीडियो मऊआइमा पुलिस को सौंपा गया है। उधर वीडियो सामने आने के बाद आरोपी रामजस, धर्मेंद्र और अन्य लोग घरों से भाग गए हैं।


