मऊगंज जिले के नौढ़िया धान खरीदी केंद्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में किसानों से अवैध वसूली के आरोप लगाए गए हैं। किसानों से प्रति बोरी 6 रुपए और कंप्यूटर में एंट्री के नाम पर 500 रुपए वसूले जाने की बात सामने आई है, जिससे धान खरीदी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मऊगंज जिले में खरीफ विपणन वर्ष के तहत धान खरीदी व्यवस्था पहले से ही अव्यवस्थाओं के आरोपों से घिरी रही है। अब नौढ़िया केंद्र पर किसानों से खुलेआम अवैध वसूली का यह नया मामला सामने आया है। किसानों का आरोप है कि तौल के लिए प्रति बोरी 6 रुपए और कंप्यूटर एंट्री के लिए 500 रुपए अलग से मांगे जा रहे हैं। किसान से रविवार छुट्टी में भी वसूली हैरानी की बात यह है कि यह पूरी प्रक्रिया सरकारी छुट्टी के दिन रविवार को की गई। किसानों ने बताया कि बिना पैसे दिए न तो धान की तौल होती है और न ही कंप्यूटर में एंट्री की जाती है। इस कारण किसान मजबूरी में यह भुगतान करने को विवश हैं। अवैध वसूली से जुड़ा यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे व्यवस्था की खामियां उजागर हुई हैं। इसके बावजूद, संबंधित अधिकारियों ने अब तक चुप्पी साध रखी है। इस मामले में न तो किसी जांच के आदेश दिए गए हैं और न ही किसी जिम्मेदार पर कोई कार्रवाई की गई है। पीड़ित किसानों की जांच कराने की मांग पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दोषी कर्मचारियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करने तथा अवैध रूप से वसूली गई राशि किसानों को वापस दिलाने की अपील की है। अब देखना होगा कि इस वायरल वीडियो के बाद प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है।


