शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र स्थित चिपाड नाथ मंदिर में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने कोशिश की। समय रहते श्रद्धालुओं और मंदिर के पुजारी ने सतर्कता से महिला की जान बचा ली। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। महिला ने मंदिर परिसर के गर्भगृह के पास अपनी साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगाने की कोशिश की। मंदिर के पुजारी को भीतर से कुछ आहट सुनाई दी, जिसके बाद कुछ श्रद्धालु मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को फंदे से लटका देखा और तुरंत नीचे उतारकर उसकी जान बचाई। सरपंच बोले- महिला कुछ दिनों से मेंटल स्ट्रेस से गुजर रही थी पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान मऊ गांव निवासी सुक्रीत गोड (50) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। मऊ गांव के सरपंच द्वारिका प्रसाद ने बताया कि सुक्रीत गोड पिछले कुछ वर्षों से मानसिक तनाव से जूझ रही थीं। कुछ साल पहले उनके पति की सांप काटने से मौत हो गई थी, और लगभग छह महीने पहले एक सड़क हादसे में उनके बेटे की भी जान चली गई थी। इन लगातार पारिवारिक सदमों के कारण महिला गहरे तनाव में थीं। महिला का इलाज अस्पताल में जारी सब-इंस्पेक्टर मोहन पड़वार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की ओर से मंदिर के अंदर फांसी लगाने की सूचना मिली थी, लेकिन उसे समय रहते बचा लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला का इलाज अस्पताल में जारी है।


