सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व में नए साल के जश्न की तैयारियां जारी हैं। 5 जनवरी तक कोर एरिया में जंगल सफारी की सभी टिकटें बिक चुकी हैं। पेंच के सभी कोर गेट पूरी तरह से बुक हो गए हैं, जिससे नए पर्यटकों को 6 जनवरी तक इंतजार करना होगा। हालांकि, पर्यटकों के पास बफर एरिया में बुकिंग का विकल्प मौजूद है। कोर में बुकिंग न मिलने पर कई पर्यटक अब बफर जोन में सफारी करने का मन बना रहे हैं। जानकारी के अनुसार, अधिकांश बुकिंग जमतरा और टुरिया गेट से कराई गई हैं। 5 जनवरी तक होटल और रिसॉर्ट पूरी तरह बुक जमतरा गेट छिंदवाड़ा की ओर होने के कारण पर्यटकों के लिए सुविधाजनक है। वहीं, टुरिया गेट तक नागपुर, जबलपुर, सिवनी और बालाघाट से आसानी से पहुंचा जा सकता है। कर्माझिरी गेट तक पहुंचने के लिए कई गांवों से होकर गुजरना पड़ता है। 5 जनवरी तक अधिकांश होटल और रिसॉर्ट भी पूरी तरह से बुक हो चुके हैं, और पर्यटकों को अधिक दाम चुकाने पड़ रहे हैं। नववर्ष पर 31 दिसंबर की पार्टियों के लिए होटल और रिसॉर्ट संचालकों ने आबकारी विभाग से शराब पिलाने के लाइसेंस (एफएलसी) के लिए आवेदन करना शुरू कर दिया है। पिछले साल एक दर्जन से अधिक रिसॉर्ट्स ने ऐसे लाइसेंस प्राप्त किए थे। जंगल सफारी का आनंद लेने पहुंच रहे पर्यटक बड़ी संख्या में पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ नववर्ष का स्वागत करने पेंच राष्ट्रीय उद्यान पहुंचे हैं। कोर और बफर गेट से जंगल सफारी में पहुंचे पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों जैसे बाघ और तेंदुए का दीदार कर रहे हैं। कोर गेट हाउसफुल होने के कारण बफर जंगल में भी बड़ी संख्या में पर्यटक सफारी कर रहे हैं, जिससे पार्क प्रबंधन के राजस्व में वृद्धि हो रही है। होटल रिसोर्ट को व्यापार बढ़ने के साथ ही जिप्सी चालकों, गाइड व स्थानीय लोगों को रोजगार का अवसर ‘मिल रहा है। पेंच टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश कुमार सिंह ने बताया कि जंगल सफारी के लिए वाहन 5 जनवरी तक बुक हो चुके हैं। नए वर्ष में प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने बडी संख्या में पर्यटक 5 जनवरी तक पेंच में रहेंगे।


