भास्कर न्यूज | अंबागढ़ चौकी नवीन जिले मोहला-मानपुर- अंबागढ़ चौकी में धान खरीदी लड़खड़ाने लगी है। केंद्रों में बफर लिमिट से पांच से सात गुना धान जाम हो गया है। परिवहन अब तक शुरू नहीं हो सका है। जिसकी वजह से धान खरीदी रोकने की स्थिति बन रही है। जिले में संचालित सभी केंद्रों में बफर लिमिट से कई गुना अधिक धान की खरीदी समितियों के द्वारा की जा चुकी है परन्तु टीओ-डीओ नहीं काटने के कारण परिवहन नहीं हो पा रहा है। अब तक किसानों को ऑनलाइन टोकन के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही थी। वहीं अब सीधे धान खरीदी बंद करने का फरमान समितियों के द्वारा जारी किया जा रहा है। धान खरीदी केंद्र भर्रीटोला व छछानपहारी में धान खरीदी बंद करने का सूचना प्रबंधकों के द्वारा बाकायदा जारी किया जा चुका है। उनका स्पष्ट कहना है कि समितियों में अब तक कुल खरीदी उपरांत धान बफर लिमिट से लगभग सात गुना अधिक का स्टेकिंग की जा चुकी है, लेकिन उठाव नगण्य है। जिस कारण धान खरीदी बंद की गई है। भर्रीटोला सहकारी समिति में तो बीते वर्ष के धान का भी उठाव अब तक नहीं हो सका है। जिससे यहां धान रखने की जगह ही शेष नहीं बची है। मानपुर खरीदी केंद्र में भी यही स्थिति है। बफर लिमिट से सात गुना अधिक धान खरीद चुके हैं सेवा सहकारी समिति भर्रीटोला में बफर लिमिट से सात गुना अधिक धान का खरीदी किया जा चुका है, जिसके विरुद्ध धान का उठाव शून्य हैं। समिति प्रबंधक के अनुसार खरीफ वर्ष 25-26 में कुल 60948.40 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है, वर्तमान में बफर लिमिट 7918.00 क्विंटल है। जो कि बफर लिमिट से सात गुना अधिक है। जिसमें से केवल 1400 क्विंटल धान का परिवहन हो पाया है। 59548.40 क्विंटल धान समिति में परिवहन के लिए शेष है जिसके कारण केंद्र में धान खरीदी संभव नहीं है। किसानों से छल कर रही भाजपा सरकार: विधायक धान खरीदी बंद के मसले पर मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी ने सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति भाजपा सरकार का मंशा उजागर हो गया है। विष्णुदेव सरकार किसानों के साथ छल कर रही है। किसानों को पहले ऑनलाइन टोकन, रकबा कटौती, आधार वेरिफिकेशन, एग्रीस्टेक एवं वन पट्टा का पंजीयन नहीं करने के नाम पर परेशान किया गया। किसानों को फोटो खींचकर केंद्रों में अन्दर जाने दे रहे हैं। अब सरकार के कुप्रबंधन के कारण केंद्रों को धान खरीदी बंद करने की नौबत आ गई है। खरीदी केंद्रों ने टीओ डीओ जारी करने लिखा पत्र खरीदी केंद्रों के माध्यम से अत्यधिक उपार्जित धान की परिस्थिति को देखते हुए जिला विपणन अधिकारी को टीओ-डीओ जारी करवाने के लिए पत्राचार किया गया है। जिसमें बाकायदा परिवहन न होने की स्थिति में धान खरीदी बंद रखने के लिए भी सूचना दी गई है। पत्र में कलेक्टर, जिला खाद्य अधिकारी, सहायक आयुक्त सहकारिता, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित को भी प्रतिलिपि दी गई है। लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं की गई है।


