गिरिडीह में शराब लदा ट्रक बिजली खंभों से टकराया:गांव की बिजली आपूर्ति बाधित; गादीखुर्द में बड़ा हादसा टला, 550 पेटी शराब जब्त

गिरिडीह जिले के नवडीहा थाना क्षेत्र के गादीखुर्द गांव में एक बड़ा हादसा टल गया। यहां शराब से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभों से टकरा गया। ग्रामीणों की सतर्कता से चालक को ट्रक समेत कुछ ही दूरी पर रोक लिया गया। ट्रक में कुल 550 पेटी शराब लदी हुई थी। चालक गांव की संकरी सड़क से ट्रक निकालने और भागने की कोशिश में एक के बाद एक तीन बिजली के खंभों से टकराया। खंभे गिरने से गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस घटना में एक ग्रामीण का घर और एक ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गया। जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बताया कि यदि यह हादसा व्यस्त समय में होता तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। गनीमत रही कि घटना के वक्त सड़क पर अधिक लोग मौजूद नहीं थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर नवडीहा थाना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शराब लदे ट्रक को जब्त कर लिया है। बिजली विभाग की टीम क्षतिग्रस्त खंभों और घर का आकलन कर रही है, तथा जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। नवडीहा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि 550 पेटी शराब से लदे ट्रक को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *