नरसिंहपुर जिले में यूरिया खाद की कमी को लेकर किसानों का गुस्सा बढ़ गया है। सोमवार को यूरिया न मिलने से परेशान किसानों ने इतवारा बाजार के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। जिले के विभिन्न खाद वितरण केंद्रों पर यूरिया के लिए लंबी कतारें लग गई। करेली खाद वितरण केंद्र पर सैकड़ों किसान रात करीब 2 बजे से लाइन में लगे थे, लेकिन सुबह तक अधिकांश को यूरिया नहीं मिल पाया। इससे नाराज किसानों ने इतवारा बाजार समिति क्षेत्र में इकट्ठा होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क अवरुद्ध कर दी। यूरिया के लिए रात से लाइन में खड़े रहे किसान किसानों का कहना है कि जिला प्रशासन लगातार यूरिया की कमी न होने का दावा कर रहा है, जबकि जमीनी हकीकत अलग है। मंडी गोदाम, इतवारा बाजार समिति, करेली और गाडरवारा सहित जिले के लगभग सभी वितरण केंद्रों पर रोजाना लगने वाली लंबी कतारें खाद की भारी किल्लत को दर्शाती हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासन जानबूझकर अव्यवस्थित तरीके से खाद का वितरण कर रहा है, जिससे उन्हें बार-बार परेशानी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध नहीं कराया गया, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। दैनिक भास्कर ने जिले के कृषि उपसंचालक मोरिस नाथ से यूरिया स्टॉक की जानकारी लेने के लिए उनको फोन लगाया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।


