ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, पत्नी की मौत, पति घायल:ग्वालियर में खरीदारी कर लौट रहे थे घर, 10 मिनट पहले ही बेटा बाइक से उतरा था

ग्वालियर में बाजार से खरीदारी कर वापस घर लौट रहे एक दंपती की बाइक में तेज रफ्तार ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई है, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है। घटना रविवार शाम आरोन के बोमठ खो के पास हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को निगरानी में लिया है। साथ ही घायल युवक को इलाज के लिए जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। ऐसा भी पता लगा है कि दंपती का बेटा भी साथ में था, लेकिन हादसे से 10 मिनट पहले ही उसे उतारा था। वह पीछे अपने दोस्त की बाइक पर बैठकर आ रहा था। किस्मत से उसकी जान बच गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक पर मामला दर्ज कर लिया है। ग्वालियर के आरोन थाना क्षेत्र के बेरखेड़ा निवासी चिरोंजी लाल पेशे से किसान है। रविवार को वह पत्नी गुड्डी देवी और बेटा रविन्द्र के साथ खरीदारी करने के लिए घाटीगांव आया था। सामान खरीदने के बाद वह वापस लौट रहे थे। दंपती ने बेटे रविन्द्र को उसके दोस्त करण की बाइक पर बैठा दिया था। चिरोंजी लाल और उसकी पत्नी बाइक पर आगे चल रहे थे जबकि रविन्द्र व करण पीछे चल रहे थे। अभी वह बोमठ खो के पास पहुंचे ही थे कि तभी तेज रफ्तार आ रहे ट्रैक्टर UP 20 BU-2934 के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए दंपती की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दंपती बाइक से उछले और सड़क पर आ गिरे। जिससे गुड्डी देवी की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई, जबकि चिरोंजी लाल गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को निगरानी में लेने के बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया है। किस्मत से बच गया बेटा, दस मिनट पहले ही बदली थी गाड़ी
हादसे में मृतक व घायल दंपती का बेटा भी हादसे का शिकार हो सकता था, लेकिन घटना से कुछ देर पहले ही मृतका गुड्डी बाई ने बेटे को पीछे आ रहे उसके दोस्त करण के साथ बैठा दिया था। जिससे वह हादसे की चपेट में आने से बच गया है।
घटना के बाद ट्रैक्टर छोड़कर भागा आरोपी
हादसे के बाद आरोपी चालक अपना वाहन (ट्रैक्टर) छोड़कर फरार हो गया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कामय कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *