उमरिया जिले के शासकीय स्कूल नरवार-25 में 22 दिसंबर को स्कूल बंद मिलने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने संबंधित शिक्षक राजकुमार विश्वकर्मा के एक दिन के वेतन की कटौती के आदेश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, घटना के दिन स्कूल में कुल तीन शिक्षक पदस्थ थे। इनमें से दो शिक्षक एसआईआर (SIR) के काम में लगे थे, जबकि स्कूल चलने की जिम्मेदारी शिक्षक राजकुमार विश्वकर्मा को दी गई थी। इसके बावजूद, शिक्षक ने बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के स्कूल बंद कर दिया। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हुई। जांच में शिक्षक की लापरवाही पाई गई मामले की सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में शिक्षक द्वारा कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही की पुष्टि हुई जिसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए शिक्षक के एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई। जनशिक्षक कमलेश प्रसाद सोनी ने बताया- शिक्षक के वेतन कटौती के आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह कटौती अगले माह के वेतन से की जाएगी।


