मरवाही चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय पारधी गैंग ने दिया अंजाम:भोपाल से 1 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस फरार साथियों की तलाश में जुटी

मरवाही पुलिस और साइबर सेल ने दिनदहाड़े हुई लाखों की चोरी का खुलासा किया है। इस मामले में अंतर्राज्यीय पारधी गैंग शामिल था, जिसके एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना 9 दिसंबर 2025 की शाम मरवाही थाना क्षेत्र के बरेता वार्ड में हुई थी। शिक्षा विभाग में क्लर्क जीवन यादव के घर में चोरों ने पीछे का टीन शेड तोड़कर प्रवेश किया। मात्र आधे घंटे में उन्होंने तीन कमरों के ताले तोड़े और करीब 7.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 2.15 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज से पारधी गैंग तक पहुंची पुलिस पुलिस अधीक्षक एसआर भगत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल के निर्देश पर एसडीओपी दीपक मिश्रा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने 10 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, टावर लोकेशन और सीडीआर का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर पुलिस भोपाल (मध्यप्रदेश) स्थित पारधी गैंग तक पहुंची। आरोपी ने चोरी की बात कबूल की पुलिस ने मुख्य आरोपी महराणा पारधी (26 वर्ष) को भोपाल से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में अपने साथियों पोची उर्फ योगी पारधी और जेसपाल सिंह पारधी के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की। चोरी का माल भोपाल के पप्पू उर्फ ज्ञान सिंह अहिरवार को 4.75 लाख रुपये में बेचा गया था। महराणा ने अपने हिस्से के 19 हजार रुपये भी पुलिस को सौंप दिए हैं। इस मामले में शेष तीनों आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी महराणा पारधी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *