बालाघाट में धान भुगतान को लेकर किसान परेशान:बैंक में बैठने, पेयजल, शौचालय की सुविधा नहीं, ATM भी खराब

बालाघाट जिले में किसानों को समर्थन मूल्य पर बेचे गए धान का भुगतान पाने में परेशानी हो रही है। किसानों के खातों में राशि आने के बावजूद, उन्हें भुगतान के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सर्किट हाउस रोड स्थित केंद्रीय बैंक शाखा में किसानों को भुगतान के लिए पहुंचने पर बैठने की जगह, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। यह समस्या कई सालों से बनी हुई है, जिससे पुरुष और महिला दोनों किसान परेशान हैं। किसान चरणलाल चौधरी ने बताया कि उन्हें धान का भुगतान लेने के लिए धूप में खड़ा रहना पड़ रहा है। बैंक में पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं है, जिससे प्यास लगने पर आसपास की दुकानों से पानी खरीदना पड़ता है। एक अन्य किसान सुंदरलाल लिल्हारे ने बताया कि उनके खाते में राशि आ गई है, लेकिन एटीएम से पैसे नहीं निकल रहे हैं। उन्हें दो घंटे से अधिक समय से भुगतान का इंतजार है और यहां शौचालय की सुविधा भी नहीं है। शाखा प्रबंधक आशीष मिश्रा ने बताया कि बैंक में किसानों की संख्या बढ़ गई है और इस समस्या से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि एटीएम में तकनीकी खराबी के कारण पैसे नहीं निकल रहे हैं। प्रबंधक ने यह भी बताया कि ठंड के कारण पंडाल नहीं लगाया गया था, लेकिन अब अधिकारी की अनुमति लेकर पंडाल लगा दिया जाएगा। केन्द्रीय बैंक महाप्रबंधक अभिनवसिंह बघेल ने बताया कि शौचालय की समस्या बैंक से पता चली थी। चूंकि यह आपसे भी जानकारी मिल रही है तो किसानो को कोई दिक्कत ना हो, इसको लेकर प्रयास किए जाएंगे

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *