झाबुआ जिले के इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर रविवार शाम ग्राम देवझिरी में एक ट्रक ड्राइवर पर हमला हुआ। विवाद ट्रक के टायर पंक्चर के अतिरिक्त पैसे मांगने को लेकर हुआ। हमले में ड्राइवर का पैर फ्रैक्चर हो गया, वहीं उसका 14 वर्षीय बेटा भी घायल हो गया। दोनों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। शिकायत के बाद सोमवार काे पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पंक्चर के अतिरिक्त पैसे मांगने पर विवाद पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक टीटू पिता खीमजी डामोर (निवासी काजली डूंगरी) अपने 14 वर्षीय बेटे के साथ इंदौर से गुजरात जा रहे थे। वे ‘करण ढाबे’ पर भोजन के लिए रुके और ढाबे के पास एक दुकान पर ट्रक के टायर का पंक्चर करवाया। पंक्चर की तय राशि लेने के बाद दुकानदार ने एक हजार रुपए अतिरिक्त मांग लिए। जब टीटू ने इसका विरोध किया, तो दुकानदार और उसके साथी ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में टीटू का पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया। ड्राइवर के पैर में फ्रैक्चर, इलाज जारी डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल टीटू को जिला अस्पताल पहुंचाया। उनके 14 वर्षीय बेटे को 108 एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए लाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि ड्राइवर के पैर में गंभीर फ्रैक्चर है। कोतवाली प्रभारी आरसी भास्करे ने बताया पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों, राजू वकील अंसारी और हसनैन राजू अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।


