दतिया में सोमवार को दतिया में मौसम ने अचानक कड़ाके की ठंड का अहसास करा दिया। सीजन का अब तक का सबसे सर्द दिन दर्ज किया गया, जहां सुबह से लेकर दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा। हालात ऐसे रहे कि दृश्यता घटकर मात्र 100 मीटर तक सिमट गई। हाईवे पर चल रहे वाहन कुछ ही दूरी पर ओझल हो जा रहे थे, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण सड़कें दिनभर लगभग सूनी नजर आईं और वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करना पड़ा। घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दिया। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ी। सुबह के समय स्टेशन और हाइवे क्षेत्र में दृश्यता इतनी कम थी कि लोग बेहद सतर्कता के साथ निकलते नजर आए। ठंड के साथ-साथ ठिठुरन ने भी लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया। दिन में अधिकतम तापमान गिरकर केवल 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात के समय न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के आसपास पहुंच गया। पूरे दिन कोल्ड डे जैसे हालात बने रहे। दोपहर में धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर कम नहीं हुआ, जिससे लोग गर्म कपड़ों में लिपटे दिखाई दिए। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों की आवाजाही कम रही। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में ठंड पकड़ रही जोर
दिसंबर की शुरुआत से अब तक ठंड का असर अपेक्षाकृत कम था, लेकिन अब मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अब तेज सर्दी का दौर शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। अनुमान है कि 15 जनवरी तक कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। इस दौरान कभी घना कोहरा छाएगा तो कभी न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। कोहरे और ठंड के कारण खासकर सुबह और रात के समय बाहर निकलने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।


