ब्यावर में अवैध खनन पर कार्रवाई, 5 वाहन जब्त:2 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला, आगे भी जारी रहेगी सख्ती

ब्यावर जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एक संयुक्त अभियान के तहत सोमवार को आकस्मिक चेकिंग के दौरान पांच वाहन जब्त किए गए और कुल 1 लाख 98 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया गया। यह अभियान शासन के आदेशों और जिला कलेक्टर ब्यावर के निर्देशों के पालन में चलाया जा रहा है। इसमें खान, वन एवं पर्यावरण, राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग शामिल हैं, जिनका उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है। अभियान के दौरान, काठात पेट्रोल पंप के पास से खनिज मेसेनरी स्टोन का अवैध परिवहन कर रही एक बिना नंबरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। इस पर 27 हजार 250 रुपए का जुर्माना लगाया गया और वाहन को साकेत नगर पुलिस थाना को सौंपा गया। इसी क्रम में, ग्राम लसाड़िया टोल के पास से एक और ट्रैक्टर-ट्रॉली (आरजे 36 पीए 4974) को अवैध मेसेनरी स्टोन परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इस पर 26 हजार 350 रुपए का जुर्माना लगाया गया और इसे सदर ब्यावर पुलिस थाना को सुपुर्द किया गया। सुबह 7 बजे श्रीसीमेंट क्षेत्र के पास से ट्रैक्टर-ट्रॉली (आरजे 36 पीए 0909) को लगभग 3 टन मेसेनरी स्टोन का अवैध परिवहन करते हुए जब्त किया गया। इस पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसी क्षेत्र में एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली (आरजे 36 पीए 5093) को भी लगभग 3 टन मेसेनरी स्टोन के अवैध परिवहन के आरोप में जब्त किया गया, जिस पर 26 हजार 350 रुपए का जुर्माना लगाया गया। ये दोनों वाहन भी सदर ब्यावर पुलिस थाना की सुपुर्दगी में दिए गए। इसके अतिरिक्त, एक डंपर वाहन को खनिज फेल्सपार के ओवरलोड परिवहन के आरोप में जब्त किया गया। जांच में पाया गया कि ई-रवन्ना के अनुसार खनिज का वजन 18.65 टन था, जबकि कांटे पर इसका वजन 33.89 टन निकला। इस प्रकार, 15.24 टन खनिज अधिक पाया गया। इस मामले में 1 लाख 18 हजार रुपए का भारी जुर्माना लगाया गया और वाहन को सदर ब्यावर पुलिस थाना को सौंपकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *