अमृतसर में आपराधिक घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। ताजा मामला संधू कॉलोनी, कुंडियों वाले कुएं के पास से सामने आया है, जहां एक सुनार की दुकान में लूट की कोशिश के दौरान फायरिंग की वारदात हुई। इस घटना ने एक बार फिर अमृतसर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो लुटेरे सुनार की दुकान में घुसे और लूट के इरादे से सीधे फायरिंग शुरू कर दी। लुटेरों ने दुकान के अंदर सुनार पर दो गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि दोनों गोलियां सुनार को नहीं लगीं, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। सुनार की बहादुरी, एक लुटेरा पकड़ा दूसरा फरार फायरिंग के बावजूद सुनार ने साहस दिखाया और एक लुटेरे को दबोच लिया, जबकि दूसरा लुटेरा मौके से फरार हो गया। भागते समय फरार आरोपी अपनी मोटरसाइकिल भी मौके पर छोड़ गया, जिससे साफ है कि बदमाशों में पुलिस का कोई डर नहीं था। इलाके में दहशत, लोगों ने पकड़े लुटेरे को पुलिस को सौंपा घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पकड़े गए लुटेरे को काबू में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर फरार आरोपी की तलाश कर रही है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर कब तक शहर में ऐसे बेखौफ अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम देते रहेंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि अमृतसर में इस तरह की लूट और फायरिंग की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि शहर में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाई जा सके।


