मुख्यमंत्री उज्जवला झारखंड योजना (मुजी) से रांची एवं आसपास के जिलों में विद्युतीकरण रहित नए बसे टोले-मुहल्ले एवं कॉलोनियों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। रांची एरिया बोर्ड के अंतर्गत विभिन्न जिलों में इस योजना के तहत बिजली आपूर्ति को लेकर करीब 437 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस योजना पर काम शुरू हो चुका है और वर्ष 2026 के जुलाई-अगस्त तक विभिन्न जिलों में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुजी योजना से विशेष कर उन क्षेत्रों को फायदा होगा, जहां किसी न किसी कारण से अब तक बिजली नहीं पहुंच पाई है। या फिर जुगाड़ व्यवस्था से बिजली जलाई जा रही है। यह योजना पूरी तरह से राज्य सरकार संपोषित है। यहां उल्लेखनीय है कि रांची शहर एवं आसपास के जिलों के शहरी क्षेत्रों में हर महीने नए मुहल्ले एवं टोले बस रहे हैं, जहां पर सीधे तौर पर बिजली नहीं पहुंच पाई है। इन क्षेत्रों में मुजी योजना से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी। ये काम होने हैं… योजना से 3 तरह के एरिया होंगे कवर इस योजना के अंतर्गत विशेष तौर पर तीन क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें पहला वैसे टोले-मुहल्ले, जहां अब तक बिजली नहीं पहुंची है। दूसरा वैसे क्षेत्र, जहां किसी कारण से कुछ गली-मोहल्ले छूट गए हैं। तीसरा वैसे नए बसे मुहल्ले व कॉलोनी, जहां पर अब तक बिजली पोल के सहारे बिजली नहीं पहुंच पाई है। इन तीनों प्रकार के क्षेत्रों को मुजी योजना के तहत कवर किया जाएगा।


