भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री दुर्ग्याणा कमेटी की प्रधान प्रो. लक्ष्मीकांता चावला के निवेदन पर इस्कान के इंद्रानुज दास के नेतृत्व में कुछ विशिष्ट साधुजन सोमवार को मंदिर परिसर में पधारे। इसमें मंदिर में व्याप्त समकालीन धार्मिक, सामाजिक विषयों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान यह विषय प्रमुखता से सामने आया कि समाज में धर्म परिवर्तन की प्रवृत्तियां देखने को मिल रही हैं। इस संदर्भ में साधुजनों व कमेटी के सदस्यों ने मिलकर विचार किया कि कैसे धर्म के मूल्यों, परंपराओं और सनातन संस्कृति की सही समझ को जन-जन तक पहुंचाया जाए, ताकि लोग भ्रम या अज्ञानवश अपने मूल पथ से न भटकें। साधुजनों ने सुझाव दिया कि समाज में संवाद, जागरूकता और सामूहिक निर्णय की प्रक्रिया को मजबूत किया जाए, ताकि ऐसे विषयों का समाधान टकराव के बजाय समझदारी से निकाला जा सके। प्रो. चावला ने इस्कान के संतजनों से विशेष रूप से यह अपील की कि जो हिंदू समाज के लोग कब्र पूजा जैसी परंपराओं की ओर आकर्षित हो रहे हैं, उन्हें सही मार्गदर्शन दिया जाए।


