भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार राज्य के जरूरतमंद लोगों को उनके घरों के नजदीक ही सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में हलका बाबा बकाला के विधायक दलवीर सिंह टोंग ने आवास योजना के तहत 95 पात्र परिवारों को अपने सपनों का घर बनाने के लिए 2 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपए वितरित किए इस अवसर पर विधायक दलवीर सिंह टोंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने बताया कि आवास योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को घर बनाने के लिए ढाई लाख रुपए की राशि प्रदान की जाती है। विधायक ने जोर देकर कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाकर समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाना है। विधायक टोंग ने लोगों से अपील की कि जो परिवार आर्थिक तंगी के कारण अपना घर नहीं बना पा रहे हैं, वे इस योजना के अंतर्गत अपने फॉर्म अवश्य भरें। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और पारदर्शी तरीके से लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे।


