भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर के एक निजी अस्पताल में 33 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर रोष प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार मृतक कुलवंत सिंह पिछले करीब 15 दिन से इन्फेक्शन का इलाज कराने के लिए निजी अस्पताल में भर्ती था। आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों की ओर से गलत तरीके से पाइप लगाई गई, जिसके बाद युवक की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि इसके बाद बिना किसी स्पष्ट कारण के युवक का ऑपरेशन कर दिया गया। लेकिन ऑपरेशन के कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने परिजनों को शांत करने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि यदि वे कानूनी कार्रवाई करना चाहते हैं तो प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाने का भरोसा भी दिलाया। मृतक के भाई रशपाल सिंह ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने मामले को दबाने के लिए उन्हें 3 लाख रुपए देने की पेशकश की थी। उन्होंने बताया कि परिवार ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। जिसके बाद उनका रोष और बढ़ गया। रशपाल सिंह ने कहा कि भाई की मौत अस्पताल की लापरवाही का नतीजा है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए। रशपाल सिंह ने बताया कि मृतक कुलवंत सिंह कैंब्रिज स्कूल में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और उसके दो बच्चे हैं। मौत के बाद परिवार पर रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए आरोपी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


