पिंक सिटी में देर रात नकाबपोश दस बदमाशों ने घरों पर ईंटें बरसाईं, गेट तोड़े, बच्चा घायल

भास्कर न्यूज | जालंधर बस्ती बावा खेल में आती पिंक सिटी कॉलोनी में रविवार रात को करीब 10 नकाबपोश युवकों ने दहशत फैला दी। तेजधार हथियार और ईंट-पत्थर से लैस हमलावरों ने एक के बाद एक करीब आधा दर्जन घरों को निशाना बनाया। बदमाशों ने गुंडागर्दी करते हुए न केवल लोगों के घरों के गेट तोड़े, बल्कि जमकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया। इस खूनी खेल में एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित मकान मालिक राज कुमार ने बताया कि करीब 3-4 महीने पहले इलाके के ही कुछ युवकों का किसी दूसरे पक्ष के साथ विवाद हुआ था। आरोपी युवक राज कुमार और उनके पड़ोसियों पर कोर्ट केस में अपने पक्ष में झूठी गवाही देने का दबाव बना रहे थे। जब मोहल्ले के लोगों ने गलत व्यक्ति का साथ देने और झूठी गवाही देने से साफ मना कर दिया तो रविवार रात करीब 9:30 बजे हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर तैयारी के साथ आए थे। उनके हाथों में दातर, कृपाण और पत्थर थे। गली में घुसते ही उन्होंने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। 5-6 घरों के मुख्य गेटों पर हथियारों से वार किए गए और अंधाधुंध पत्थरबाजी की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए बस्ती बावा खेल थाने के एसएचओ भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। फुटेज में नकाबपोश युवक ईंटें बरसाते और दहशत फैलाते नजर आ रहे हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है। उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *