भास्कर न्यूज | जालंधर यूथ फुटबॉल क्लब (वाईएफसी) रुड़का कलां द्वारा आयोजित 13वीं एजुकेशनल फुटबॉल लीग अपने सातवें चरण में प्रवेश कर चुकी है। लीग में लड़के और लड़कियों के अलग-अलग मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस मौके पर वाईएफसी रुड़का कलां का पूरा स्टाफ, कोच, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। क्लब अध्यक्ष गुरमंगल दास ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी वाईएफसी रुड़का कलां की टीम हिमाचल प्रदेश में अंडर-16 प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। अंडर-8 आयु वर्ग में चक्कर ने रुड़का कलां-ए को 2-1 से हराया। चक्कर ने पासला को 4-0 से शिकस्त दी, जबकि रुड़का कलां-ए ने पासला को एकतरफा मुकाबले में 15-0 से पराजित किया। अंडर-10 लड़कों के मुकाबलों में रुड़का कलां-सी ने खुसरोपुर को 1-0 से हराया। चक्कर ने रुड़का कलां-सी को 1-0, खुसरोपुर को 5-0 और रुड़का कलां को 2-0 से हराया। ढींडसा ने पासला को 7-0 से पराजित किया, वहीं रुड़का कलां ने पासला पर 3-0 की जीत दर्ज की। अंडर-12 आयु वर्ग में ढींडसा ने बुंडाला को 5-0 से हराया। रुड़का कलां ने ढींडसा को 2-0 और बुंडाला को 5-2 से पराजित किया। चक्कर ने जमशेर को 3-0 से हराया, जबकि चक मुगलानी और चक्कर के बीच मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहा। चक्कर ने खुसरोपुर को 7-0 से हराया। चक मुगलानी ने बंबियावाल को 4-0 से पराजित किया। जमशेर ने बंबियावाल को 1-0 से हराया, जबकि जमशेर और खुसरोपुर के बीच मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। अंडर-14 लड़कियों के वर्ग में बंबियावाल ने रुड़का कलां को 5-0 से हराया। वहीं जमशेर और बुंडाला के बीच मुकाबला गोलरहित बराबरी पर रहा।


