हिंदपीढ़ी क्षेत्र के वार्ड नंबर-22 में नगर निगम की ओर से एक बैंक्वेट हॉल को सील कर दिया गया। आरोप है कि बैंक्वेट हॉल सामुदायिक भवन पर कब्जा कर चलाया जा रहा था। यह सामुदायिक भवन नागरिकों के इस्तेमाल के लिए बनाया गया था जिसका उपयोग निजी लाभ के लिए अवैध रूप से हो रहा था। निगम को प्राप्त शिकायतों एवं प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पूर्व वार्ड पार्षद मो. असलम उक्त भवन में अनधिकृत निर्माण कर उसे अमन कम्यूनिटी हॉल के नाम से बैंक्वेट हॉल के रूप में चला रहा था, जो नियम का उल्लंघन है। निरीक्षण में पता चला कि पूरे सामुदायिक भवन की स्थिति बहुत जर्जर है। सोमवार को अपर प्रशासक ने उक्त सामुदायिक भवन को सील कर दिया। वार्ड पर्यवेक्षक को हटाया गया : 10 वर्षों से पदस्थ वार्ड पर्यवेक्षक द्वारा सामुदायिक भवन के बारे में कोई रिपोर्ट निगम कार्यालय को नहीं दिए जाने पर इसे लापरवाही माना गया। इसके साथ ही वार्ड पर्यवेक्षक को उक्त वार्ड से हटाते हुए अग्रेतर कड़ी कार्रवाई के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है।


