राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार की सुबह लोकभवन से रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंची। वहां से एनआटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए विशेष विमान से जमशेदपुर गईं। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद फिर शाम 4.20 बजे वापस रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचीं। इसके बाद राष्ट्रपति का काफिला हिनू चौक, बिरसा चौक से अरगोड़ा होते हुए हरमू रोड के रास्ते शाम 4.45 बजे लोकभवन पहुंचा। राष्ट्रपति का काफिला लोकभवन से एयरपोर्ट और फिर एयरपोर्ट से लोकभवन के लिए निकलने से 30 मिनट पहले ही रूट लाइन में सभी सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद करा दिया गया था। एक घंटा पहले रूटलाईन बंद, लोगों को बैरिकेडिंग के अंदर ही रोका राष्ट्रपति की सुरक्षा में कहीं कोई चूक न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया था। यही वजह है कि रूट लाइन में सड़क के दोनों आेर बैरिकेडिंग कर पैदल चलने वालों को भी रोक दिया गया था। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। बैरिकेडिंग के पास किसी भी व्यक्ति को खड़े होने की इजाजत नहीं थी। काफिला निकलने से एक घंटे पहले ही रूटलाईन में बैरिकेडिंग कर सभी वाहनों का परिचालन बंद करा दिए जाने की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी बैरिकेडिंग के पास ही रोक रहे थे। दुकान व घरों से निकलने वाले लोग भी परेशान रहे।


