बोकारो शहर का हृदय स्थल सिटी पार्क में नए साल में कई महत्वपूर्ण बदलाव होगा। संभवत: जनवरी तक बीएसएल प्रबंधन सिटी पार्क को निजी एजेंसी को सौंपने वाला है। इसके रख-रखाव से लेकर बोटिंग और रेस्तरांं तक अब एक निजी ऑपरेटर द्वारा प्रतिबंधित किया जाएगा। सरल शब्दों में, सिटी पार्क की सीमाओं के भीतर की सारी जिम्मेदारी एक निजी पार्टी के हाथों में होगी। इससे संबंधित स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के बीएसएल ने एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट आमंत्रित किया है। यह आउटसोर्सिंग दीर्घकालिक राजस्व साझेदारी के आधार पर की जाएगी। बीएसएल के एक वरीय अधिकारी के अनुसार एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट के तहत सिटी पार्क की सभी प्रमुख सुविधाओं का प्रबंधन शामिल होगा। इसमें पार्क की लैंडस्केपिंग, गार्डन और नर्सरी का रख-रखाव, झील एवं बोटिंग सुविधाएं, रेस्टोरेंट संचालन, वीआईपी हट मेंट कॉम्प्लेक्स व म्यूजिकल फाउंटेन का संचालन और देखरेख शामिल है। सेल-बीएसएल के टाउन एडमिनिस्ट्रेशन विभाग ने आवेदन के लिए अंतिम तिथि 8 जनवरी रखा है। आवेदन ई-मेल या भौतिक रूप से जमा कर सकते हैं। 12 एकड़ का है सिटी पार्क का झील 177 एकड़ में फैले सिटी पार्क में 12 एकड़ भूमि पर झील बनाया गया है। यहां बोटिंग की व्यवस्था की गई है। झील में टापू भी बनाए गए हैं। इस पर पेड़-पौधे व फूल लगाए गए हैं। टापू फिल्म व एलबम की शूटिंग स्थल के रूप में भी जाना जाता है। यहां कई शॉर्ट फिल्म व एलबम की शूटिंग की गई है। झील के किनारे एक रेस्तरांं भी है। निजी एजेंसी के हाथों में जाने के बाद संभव है कि आने वाले दिनों में सिटी पार्क में प्रवेश के लिए शुल्क भी लिया जाएगा। बोकारो इस्पात संयंत्र प्रबंधन की ओर से नगर के सेक्टर-3 में 1970-71 में सिटी पार्क का निर्माण कराया गया था। यहां बाग-बगीचे, फूलों की क्यारियां, मानव निर्मित झील व द्वीप के अलावा पार्क का प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को बरबस अपनी ओर खींच लेते हैं। सिटी पार्क सैलानियों को लुभाता है। यहां की हरियाली देखते ही बनती है। बता दें कि सिटी पार्क लगभग 177 एकड़ में फैला है। इसमें से 58 एकड़ भूमि पर पार्क है। शेष 87 एकड़ भूमि को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया गया है। पार्क में लगभग 30 हजार पेड़-पौधे हैं। इनमें 15 हजार पेड़ केवल टीक के हैं। पार्क के रोज गार्डेन में 300 प्रकार के लगभग 3200 गुलाब के पौधे हैं। इसके अलावा पार्क में टैरेस गार्डेन हैं। इसमें गुलदाउदी, डहलिया, गेंदा के अलावा विभिन्न प्रकार के फूल लगाए गए हैं। रंग-बिरंगे फूल पार्क की सुंदरता बढ़ा देते हैं। रोज गार्डेन लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचता है। यहां नर्सरी भी है, जहां विविध प्रकार के पौधे उगाए जाते हैं।


