वनवासी कल्याण केन्द्र झारखंड के तत्वावधान में 25वीं प्रांत स्तरीय जनजातीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को सेक्टर-4 स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन केन्द्रीय इस्पात एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री भारत सरकार भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन व गुब्बारा उड़ाकर किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रफुल्ल आकांत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अखिल भारतीय खेल छात्रावास प्रमुख प्रबोधनंद, धनबाद सांसद ढुलू महतो, वनवासी कल्याण केन्द्र झारखंड के महामंत्री धनंजय सिंह, बोकारो स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी प्रियरंजन, आरएसएस विभाग कार्यवाह धीरेंद्र गोप, आयोजन समिति अध्यक्ष दीपक गुप्ता एवं सचिव अनिल कुमार शामिल थे। सभी अतिथियों ने भारत माता, भगवान श्रीराम, भगवान बिरसा मुंडा सहित अन्य महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र व पौधा भेंट कर किया गया। अतिथि परिचय सुशील मरांडी ने कराया। मुख्य अतिथि भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन जनजातीय बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच देते हैं। खेल राष्ट्र निर्माण की शक्ति है और भारतीय खेलों में जनजातीय खिलाड़ियों का योगदान उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार खेल और शिक्षा को विशेष महत्व दे रही है। देश के प्रधानमंत्री के आहवान पर फिट इंडिया कार्यक्रम चल हरा है, िजससे देश के युवा स्वच्छ रहेंगे। मुख्य वक्ता प्रफुल्ल आकांत ने कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम 14 आयामों के माध्यम से जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। खेलकूद के क्षेत्र में संस्था के प्रयासों से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। सांसद ढुलू महतो ने आयोजन की सराहना करते हुए जनजातीय समाज के उत्थान के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। प्रतियोगिता के पहले दिन फुटबॉल व एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की गईं। फुटबॉल में रांची ने सिमडेगा को 2-0 से हराया, जबकि सरायकेला ने रामगढ़ को 5-0 से पराजित किया। 1500 मीटर दौड़ (बालक वर्ग) में प्रकाश मुंडा प्रथम, रणवीर सिंह द्वितीय व लुगदी साय तृतीय रहे। बालिका वर्ग में रानी सुंडी प्रथम, मीनाक्षी कुमारी द्वितीय एवं पुष्पा कुमारी (लातेहार) तृतीय स्थान पर रहीं।


