भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा: सोमेश जिले में अव्वल रहे

भास्कर न्यूज| महासमुंद अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा–2025 का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस परीक्षा में जिले के 291 विद्यालयों और 7 महाविद्यालयों से कुल 12,340 विद्यार्थी शामिल हुए थे। जिला स्तरीय प्रावीण्य सूची में सरस्वती शिशु मंदिर पिरदा (बसना) के छात्र सोमेश साहू, पिता लिंगराज साहू ने 99 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह परीक्षा कक्षा पांचवीं से लेकर महाविद्यालय स्तर तक कुल 9 स्तरों पर आयोजित की गई। इसमें कक्षावार, स्तरवार मेरिट सूची जारी कर दी गई है। जिला मेरिट सूची में सरायपाली को 9, महासमुंद को 9, बसना को 5, पिथौरा को 3 और बागबाहरा को 1 स्थान प्राप्त हुए। साथ ही प्रत्येक विकासखंड के लिए ब्लॉक स्तरीय प्रावीण्य सूची भी घोषित कर दी गई है। शीघ्र ही जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन गायत्री शक्तिपीठ बसना में किया जाएगा। सभी संस्था प्रमुखों को मेरिट में स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को जानकारी के साथ समारोह में शामिल होने कहा गया। उल्लेखनीय है कि राज्य स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 2500 रुपए की पुरस्कार राशि के साथ शांतिकुंज हरिद्वार भ्रमण का अवसर प्रदान किया जाता है। साथ ही सभी स्तरों पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को आकर्षक प्रमाण पत्र, पुरस्कार राशि और मेडल प्रदान किए जाते हैं। सभी परीक्षार्थियों को शांतिकुंज हरिद्वार प्रमाण पत्र और सहयोगी संस्था प्रमुखों व शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाता है। परीक्षा में ब्लॉकवार शामिल हुए विद्यार्थी विकासखंडवार सहभागिता में सरायपाली से सर्वाधिक 4,476, महासमुंद से 3,464, बसना से 2,059, बागबाहरा से 1,381 व पिथौरा से 965 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस वर्ष पहली बार अंग्रेजी माध्यम से 08 विद्यालयों में परीक्षा आयोजित की गई तथा केंद्रीय विद्यालय महासमुंद के विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *