अंबिकापुर | दो अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटराही के पास हुआ, जहां रविवार को बस की टक्कर से एक महिला घायल हो गई। ग्राम कोटराही निवासी महिला अवतरिया बाई को परिजनों द्वारा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई। महिला अपने घर के सामने सड़क किनारे खड़ी थी। तभी बस टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। दूसरा हादसा अंबिकापुर से लगे केपी के पास रविवार की शाम को हुआ। ग्राम केपी निवासी 23 वर्षीय महेश तिवारी बाइक से कहीं जा रहा था। इस दौरान गांव के पास से तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गई।


