भोपाल के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम के तहत एक विशेष क्विज का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालय को इस कार्यक्रम के लिए नोडल संस्थान के रूप में चुना गया है, जिसमें कुल 100 छात्र हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम 23 जनवरी( गुरूवार) को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल ‘परीक्षा पर चर्चा’ के तहत आयोजित इस क्विज का मुख्य उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के तनाव से मुक्त करना और उनमें आत्मविश्वास जगाना है। विद्यालय के प्राचार्य गौरव द्विवेदी ने बताया कि यह गौरव की बात है कि उनके विद्यालय को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का नोडल बनाया गया है। क्विज में छात्रों से सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और विभिन्न शैक्षणिक विषयों पर आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस पहल को छात्रों और अभिभावकों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। कार्यक्रम का लक्ष्य छात्रों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देना है, बल्कि उन्हें परीक्षा संबंधी चिंताओं से मुक्त करने में भी मदद करना है।


