भास्कर न्यूज | चाईबासा 22 जनवरी 2025 को सेरेंगंसिया शहीद स्मारक के पास झारखंड पुनरूत्थान अभियान के संयोजक मंडली का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में अभियान द्वारा किए गए कार्यक्रम की समीक्षा के बाद झारखंड पुनरुत्थान अभियान का पुनर्गठन पर भी विचार किया जाएगा। झारखंड पुनरूत्थान अभियान के जिला संयोजक पूर्व बैंक कर्मी अमृत मांझी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। चर्चा में अभियान के मुख्य संयोजक सन्नी सिंकू ने कहा कि 22 जनवरी 2023 को झारखंड पुनरूत्थान अभियान का नींव सेरेंगंसिया शहीद स्मारक के पास बैठक कर डाली गई थी। झारखण्ड पुनरूत्थान अभियान गैर राजनीतिक सामाजिक संगठन के रूप में स्थापित किया गया था। जिस संगठन के तत्वावधान में 2 साल के अंदर डेढ़ सौ से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। खैरबनी जमशेदपुर से कलिंगानगर तक 300 किलोमीटर का पदयात्रा मुख्य है। उसी तरह से हाटगम्हरिया से बारायबुरु,रघुनाथपुर से पुटीदा तक की पदयात्रा भी शामिल है। जो मुख्य रूप से विकास के नाम पर आदिवासी मूलवासियों को अनैच्छिक रूप से विस्थापित करने के खिलाफ में पदयात्रा किया गया था। चर्चा के क्रम में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि झारखण्ड पुनरूत्थान अभियान को संयोजक प्रणाली से नहीं बल्कि अध्यक्षीय प्रणाली से संचालित करने पर बल दिया गया। परिचर्चा में प्रखंड संयोजक मंडली से नारायण सिंह पूर्ती, शैली शैलेंद्र सिंकू, विशाल गुड़िया, विकास पूर्ति, नंदू गागराई शामिल थे।


