फगवाड़ा में ढाबे पर गुंडागर्दी, तोड़फोड़ और हवाई फायरिंग:रसोइया घायल, सीसीटीवी में कैद वारदात, पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू की

फगवाड़ा के होशियारपुर रोड पर स्थित सरपंच चिकन एंड फिश प्वाइंट पर रविवार रात और सोमवार दोपहर को जमकर गुंडागर्दी हुई। खाना खाने आए कुछ युवकों ने पहले आपस में झगड़ा किया, फिर ढाबा मालिक और रसोइए से मारपीट कर तोड़फोड़ की। आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में फायरिंग भी की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में मनजोत सिंह पुत्र बंसी लाल निवासी खुरमपुर ने बताया कि वह सरपंच ढाबा खुरमपुर, होशियारपुर रोड फगवाड़ा का मैनेजर है। 28 दिसंबर की रात करीब 8 बजकर 30 पर जसकरण, प्रशांत, पारस, कुणाल और उनके 10-11 साथी ढाबे पर आए और खाना-पीना शुरू किया। कुछ समय बाद वे आपस में बहस और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद रात करीब 11:45 बजे दो युवक बाहर आंगन में आकर रसोइए विजय सिंह राणा उर्फ रिंकू से बदसलूकी करने लगे। समझाने पर वे बाहर चले गए, लेकिन बाद में आंगन से खंभा उखाड़कर रसोइए के कंधे पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने ढाबे पर ईंटें फेंकीं और फरार हो गए। अगले दिन 29 दिसंबर को दोपहर करीब 12बजकर 45 मिनट पर आरोपी फिर गाड़ियों में आए और धारदार हथियारों से शटर व ताले तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने बोर्ड, गमले, सीसीटीवी कैमरे, वॉशिंग मशीन और बिजली मीटर बॉक्स तोड़ दिए तथा सड़क पर हवा में फायरिंग कर दहशत फैलाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *