किसी कार्य में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : सुखदेव

भास्कर न्यूज | लोहरदगा जिला परिषद स्थित सभागार में गुरुवार को जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक हुई। जिसमें मुख्य रूप से लोकसभा सांसद सुखदेव भगत शामिल हुए। सर्वप्रथम उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा गुलदस्ता देकर सांसद का स्वागत किया गया। बैठक में सभी विभागों के द्वारा संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश सांसद द्वारा दिए गए। सांसद ने कहा कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके में पूर्ण करें। किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजनों को बालू समय पर मिले और जो आसानी से मिल सके, ऐसी व्यवस्था रहे। सांसद द्वारा सर्वप्रथम कुडू-घाघरा पथ में किए जा रहे कार्य व कार्य में असंतोषजनक प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। बरवाटोली चौक के पास चौड़ीकरण व सुदृढ़िकरण, कंडरा पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने और कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। तय समय के अंदर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। मनरेगा अंतर्गत पेशरार प्रखण्ड में नाशपाती बागवानी की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक पौधों का जीवित रखने का प्रयास करें ताकि उसका फायदा लाभुकों को मिल सके। जेएसएलपीएस डीपीएम को निर्देश दिया गया कि जिला में रागी पैदावार के अनुकूल परिस्थितियां हैं जिसका पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर उत्पादन किया जाना चाहिए। गुमला जिला में इस प्रकार की शुरूआत किया गया है। आज जेएसएलपीएस की सखी मंडल को रागी के उत्पाद के लिए प्रोत्साहित करें जो स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर उत्पाद है। मंईयां सम्मान योजना में सामाजिक सुरक्षा निदेशक को निर्देश दिया गया कि लाभुकों के त्रुटिपूर्ण आवेदन को सुधार करने व लंबित आवेदन पर कार्रवाई की जाए। वृद्धावस्था पेंशन योजना के जिन लाभुकों की मृत्यु हो चुकी हो ऐसे लाभुकों को चिह्नित कर उनके खाते का पैसा सरकार को वापस लौटाए जाने की प्रक्रिया की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में सांसद द्वारा जिला के दो पंचायतों में लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पाने की जानकारी दी और कहा कि जल्द ही छूटे हुए लाभुकों को सर्वे में जोड़ा जाए। साथ ही, जिनके कारण उनका नाम आवास योजना में नहीं आ पाया उन पर कार्रवाई की जाए। नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बाल्मिकीनगर को विकसित करने व उनकी भूमि बंदोबस्ती के लिए आवश्यक कार्य किये जाने का निर्देश नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया। मौके पर उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां, वन प्रमण्डल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, सांसद प्रतिनिधि आलोक साहू, विधायक प्रतिनिधि नीशीथ जायसवाल, जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी समेत दिशा के सदस्य, जिला परिषद सदस्य, प्रखण्ड प्रमुख, जिला स्तरीय पदाधिकारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। सेंटर के लिए कर्मी की मांग किए जाने का निर्देश : स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आईसीयू व डायलिसिस संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सक/कर्मी की मांग विभाग से किये जाने का निर्देश दिया गया। मोबाइल वैन सुदूरवर्ती क्षेत्रों में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की सुविधा दिये जाने का निर्देश दिया गया। सिकल सेल के लिए आवश्यक मशीन का क्रय सांसद निधि से कराए जाने का आश्वासन सांसद द्वारा दिया गया। जांच का निर्देश : पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल, लोहरदगा की समीक्षा में सांसद द्वारा जल जीवन मिशन की समीक्षा की गई और बताया कि कई स्थानों पर योजनाओं में कार्य अधूरा रह गया है और राशि की निकासी की गई है। इसकी जांच होनी चाहिए। जिन 31 गांवों में योजनाएं पूर्ण हैं वहां की जांच की जाए। भू-अर्जन विभाग की समीक्षा में निर्देश दिया गया कि भूमि अधिग्रहण में ऐसे जमीन मालिकों को मुआवजा ना दिया जाए जिनकी भूमि बंदोबस्त की गई हो। इसमें सावधानी बरती जाए। खनन विभाग की समीक्षा में सांसद द्वारा सभी को सुलभ तरीके से बालू उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। खनन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिनके पास बालू के स्टॉक का लाइसेंस है वे अपने स्टॉक में बालू अवश्य रखें। साथ ही कैटेगरी-1 के बालू घाट की सुचारू रूप से चलते रहें। खेल/पर्यटन विभाग अंतर्गत जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि नंदिनी जलाशय में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक बेहतर प्रस्ताव तैयार किया जाए। ताकि लोहरदगा जिला में पयर्टन को बढ़ावा मिले। किस्को प्रखण्ड में कई ऐसे जलप्रपात हैं जो पर्यटकों की जानकारी में नहीं है। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर प्रस्ताव भेजें। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज को रोपवे शुरू करने से पहले पूरी तरह तकनीकी तैयारी एवं प्रशासन को पूरा भरोसा दिलाने का निर्देश दिया ताकि किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हो। पथ निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने का निर्देश : पथ निर्माण विभाग को चेटर पुल का निर्माण कराने, शंख-चतरा-लुकैया मोड़ पथ का कार्य जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग, लोहरदगा द्वारा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, मुख्यमंत्री सड़क सुदृढ़ीकरण योजना समेत अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। विधायक प्रतिनिधि नीशीथ जायसवाल द्वारा नवाडीह-होंदगा, किस्को-होंदगा, बोंडोवार के अधूरे सड़क की जानकारी दी गई। साथ ही झारखण्ड आवासीय विद्यालय में पेयजल की कमी से अवगत कराया। कुडू के टीको स्थित रूनिया-झुनिया शहादत स्थल को विकसित करने का प्रस्ताव विधायक प्रतिनिधि द्वारा रखा गया। सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा इस वर्ष कंबल वितरण की जानकारी दी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *