भास्कर न्यूज | अमृतसर पंचायती चुनाव के दौरान जिला तरनतारन, पट्टी में सरपंच राजविंदर सिंह की हत्या के मामले में रैकी करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने काबू किया है। इसके अलावा दूसरे मामले में गन प्वाइंट पर लूटपाट की वारदात करने वाले 3 और युवकों को गिरफ्तार किया है। यह सभी 6 आरोपी अमेरिका में बैठ गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के साथ सीधे संपर्क में थे। सरपंच राजविंदर की हत्या में पकड़े गए तीनों आरोपियों ने रैकी की थी और शुटरों को हथियार सप्लाई किया था। यह प्रभ दासूवाल के कहने पर रैकी के साथ-साथ इंटरनेशनल हथियार की सप्लाई करते हैं। डीसीपी लॉ एंड आर्डर आलम विजय सिंह ने बताया कि थाना सदर और सीआईए स्टाफ-3 ने इन दोनों मामलों को सुलझाया है। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को पुलिस को दी शिकायत में सचदीप सिंह निवासी ग्रीन फील्ड ने बताया कि साढ़े 8 बजे वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर श्री दरबार साहिब में माथा टेकने गया था और घर वापस जाते समय रात 11.40 बजे मजीठा रोड पर स्कूटी सवार 3 युवकों ने उसका रास्ता घेर लिया। पिस्तौल दिखाकर उसकी स्कूटी छीनकर भाग गए थे। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों अर्शदीप सिंह निवासी गांव मरड़ी कलां, प्रिंसदीप सिंह निवासी गांव मेतला और अनमोल सिंह निवासी पट्टी रोड को मजीठा रोड से काबू करके पूछताछ की। जिसमें आरोपियों ने बताया कि पिस्तौल साथी जुगराज को दिया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच करते हुए 3 और आरोपियों, जिसमें रोहित निवासी दशमेश कॉलोनी, सुखराज निवासी गांव ठकरपुरा और जुगराज निवासी वल्टोहा को गिरफ्तार करके पिस्तौल बरामद किया। आगे की जांच में पता चला कि रोहित, सुखराज और जुगराज हथियार सप्लाई का धंधा करते हैं और सरपंच के हत्या के मामले में इन्होंने शुटरों को हथियार सप्लाई किया था। ऐसे ही तरनतारन में एक व्यक्ति की इन्होंने फिर से रैकी की थी। तीनों आरोपी मोहाली के पीजी में रहते थे। आरोपियों को फतेहगढ़ चूड़ियां बाईपास के क्षेत्र से काबू किया। सभी आरोपियों की आयु 18 से 21 वर्ष तक की है।


