आगर मालवा जिले के आंबादेव गांव में मंगलवार को छेड़छाड़ की आशंका के कारण ग्रामीणों ने दो युवकों के सिर मुंडवा दिए। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक एक समूह से जुड़े बताए जा रहे हैं, जो गांव-गांव जाकर लोन रिकवरी का काम करते हैं। युवकों का कहना है कि वे रोज इसी रास्ते से आते-जाते हैं। घटना वाले दिन वे कुछ देर के लिए गांव के पास एक पेड़ के नीचे बैठे थे, तभी वहां से कुछ लड़कियां गुजरीं। दोनों युवकों ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि उन्होंने किसी तरह की अभद्रता या अनुचित हरकत नहीं की। इसके बावजूद ग्रामीणों ने उन्हें संदिग्ध मानते हुए पकड़ लिया और उनके बाल काट दिए। दोनों पक्षों के बिच समझौते के बाद मामला शांत घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को थाने ले आई। पुलिस के मुताबिक, थाने में दोनों पक्षों से बातचीत हुई, लेकिन किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई। एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि थाने के बाहर दोनों पक्षों के बीच समझाइश के बाद मामला शांत हो गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है, लेकिन यदि भविष्य में कोई लिखित शिकायत आती है, तो मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


