सुकमा| कोंटा ब्लॉक के दंतेशपुरम में एक सप्ताह में 3 लोगों की मलेरिया से मौत हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार बीते एक सप्ताह में दो ग्रामीणों की मौत गांव में हुई, वहीं एक युवक की मौत बुधवार को कोंटा स्वास्थ्य केंद्र में हुई है। मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को गांव में मेडिकल कैंप लगाया और ग्रामीणों का इलाज शुरू किया। इस दौरान 60 से ज्यादा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें 10 से ज्यादा ग्रामीण मलेरिया पॉजिटिव मिले हैं। ग्रामीणों ने बताया कि दंतेशपुरम निवासी 49 साल की महिला कवासी पोज्जे और एक अन्य ग्रामीण की मौत मलेरिया से हुई है। बुधवार को 21 साल के वेको बीड़ा की तबीयत खराब होने पर कोंटा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जांच में मलेरिया होने पर इलाज शुरू किया। इस दौरान उसकी मौत हो गई।


