अजमेर जिले के बांदरसिंदरी थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई हत्या के मामले में पीड़ित परिवार मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचा। मृतक के भाई ने एसपी वंदिता राणा को ज्ञापन देकर मामले में फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। वहीं, दूसरी तरफ भाई ने परिवार पर राजीनामा करने के लिए दबाव डालने का भी आरोप लगाया है। बता दे की 15 नवंबर को बांदरसिंदरी में पारिवारिक विवाद में चचेरे भाई की ही धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। पीड़ित प्रधान मीणा ने बताया कि 15 नवंबर को उसका भाई राजपाल मीना और पूरा परिवार घर पर ही था। भाई घर से निकला तो परिवार के कुछ सदस्यों ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। जब वह बीच बचाव करने गए तो उन पर भी पत्थर बाजी की गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के कई लोगों को पकड़ लिया था। भाई को अस्पताल ले गए जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि उसके भाई राजपाल मीना की परिवार के ही सदस्यों ने गला काटकर हत्या की थी। जिसकी शिकायत भी पुलिस को दी गई। लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक सिर्फ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी परिवार के अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं। इसके साथ ही उन पर राजीनामा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मामले में मंगलवार को एसपी वंदिता राणा से शिकायत देकर फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।


