एक दिन पूर्व जारी मौसम की रिपोर्ट गुरुवार को पलट गई। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के कारण अब वापस रिपोर्ट को अपडेट किया गया है। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को तापमान में 2.2 डिग्री की कमी आई। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी के कारण एक दिन पहले जो तापमान 9 डिग्री पार था बीती रात का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान अनुमान के मुताबिक 22.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार रात 10 बजे कोहरा इतना घना छा गया कि वाहनों का हाइवे पर चलना मुश्किल हो गया। जबकि दिन में अच्छी धूप खिली रही। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मौसम शुष्क बना रहेगा। बीकानेर, कोटा, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में आगामी 2-3 दिन घना कोहरा दर्ज होने की संभावना है। इस कारण तापमान में भी एक से दो डिग्री की गिरावट हो सकती है। हालांकि एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 22 जनवरी के आसपास सक्रिय होने की संभावना है। उसका असर बीकानेर पर कितना होगा इसका अध्ययन हो रहा है। इस बीच गुरुवार को सुबह भी कंपकंपी का दौर रहा। एक दिन पहले के तापमान से राहत पा चुके लोगों को वापस सर्दी से बेहाल होना पड़ा। दरअसल एक दिन पहले 20 जनवरी दिन का पारा 27 डिग्री और रात का पारा 12 डिग्री तक होने का अनुमान था लेकिन अब परिवर्तन होने की संभावना है। आने वाले दिनों में कोहरा छाने और दो डिग्री तक तापमान कम होने का अनुमान जताया है। सर्दी बढ़ेगी, पारा घटेगा 17 को रात के तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा। हांड कंपाने वाली सर्दी का दौर रहेगा।
18 को आसमान में बादल छाए रहेंगे। तापमान में उतार-चढ़ाव आएगा।
19 को पहाड़ों में बर्फबारी के कारण मौसम बदलेगा। सर्दी बढेंगी। पारा घटेगा।
-मौसम विभाग के अनुसार


