सतना में सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक महिला चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद जिला अस्पताल में अपेक्षित सहयोग न मिलने का आरोप लगाते हुए मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। यह घटना जिला अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहीं डॉ. डैनी सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे ऑटो से समरिटन हॉस्पिटल लौट रही थीं। जवाहर नगर गली नंबर-2 के पास उनका ऑटो सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो असंतुलित होकर पलट गया, जिससे डॉ. डैनी उसके नीचे दब गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। राहगीरों ने तत्काल ऑटो को सीधा कर घायल डॉक्टर को बाहर निकाला और दूसरे वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर बिरला हॉस्पिटल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज के छात्रों का आरोप है कि डॉ. डैनी के इलाज और जांच के दौरान जिला अस्पताल में उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। छात्रों ने बताया कि डॉ. डैनी को सीटी स्कैन के लिए ले जाया गया, लेकिन वहां भी लापरवाही और असहयोग का सामना करना पड़ा। इसी बात से नाराज मेडिकल कॉलेज के छात्र जिला अस्पताल परिसर में एकत्र हुए और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने मांग की कि गंभीर मरीजों, विशेषकर चिकित्सकीय स्टाफ के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और जिम्मेदार स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस संबंध में, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज को समय पर रेफर किया गया था और मामले की जांच की जा रही है। देखिए तस्वीरें…


