आगर नगर पालिका ने पतंग की डोर हटाई:दुकानों पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा की हुई जांच

आगर मालवा नगर पालिका परिषद ने पक्षी संरक्षण के लिए एक विशेष अभियान चलाया। मंगलवार को नगर पालिका के दल ने शहर में बिजली के तारों, पेड़ों और अन्य स्थानों पर फैली पतंग की डोर (मांझा) को हटाया। इस पहल का उद्देश्य पक्षियों को मांझे में उलझकर घायल होने या उनकी जान जाने से बचाना है। नगर पालिका ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं, बल्कि निरंतर जारी रहेगा, ताकि शहर को पक्षियों के लिए सुरक्षित बनाया जा सके। इसी क्रम में, पतंग और डोर का व्यवसाय करने वाली दुकानों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। माधवगंज, हाटपुरा, सराफा बाजार, छोटा बाजार, लक्ष्मणपुर, घाटी नीचे, महावीर मार्ग, अयोध्या बस्ती छावनी, छावनी झंडा चौक और छावनी नाका चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित दुकानों की गहन जांच की गई। जांच का मुख्य लक्ष्य प्रतिबंधित चाइनीस मांझा की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाना था। चेकिंग के दौरान किसी भी दुकान पर चाइनीस मांझा नहीं पाया गया, जिसे एक सकारात्मक परिणाम माना गया। हालांकि, दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे भविष्य में चाइनीस मांझा का उपयोग, भंडारण या विक्रय न करें। नगर पालिका ने चेतावनी दी है कि यदि किसी दुकान से चाइनीस मांझा का व्यापार या भंडारण पाया गया, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिसमें एफआईआर दर्ज करना भी शामिल हो सकता है। नगरवासियों ने इस पहल की सराहना की है, क्योंकि यह पर्यावरण और पक्षी संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पूरे अभियान में स्वच्छता निरीक्षक बसंत दुलगज के साथ कृष्ण कुमार श्रीवास्तव, संदीप श्रीवास्तव, ओसाफुद्दीन, शैलेंद्र तिवारी और हेमराज गोसर उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *