राजस्थान में मावठ का दौर अभी नहीं थमेगा। वहीं, 31 जनवरी तक सर्दी से कोई राहत मिलने की भी उम्मीद नहीं है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 22 जनवरी से राजस्थान में एक नए वेदर सिस्टम के एक्टिव होने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से उत्तर-पूर्वी राजस्थान के जिलों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही शुक्रवार को 24 जिलों में कोहरे और 4 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में भरतपुर, जयपुर संभाग के जिलों में सुबह हल्के बादल और धुंध रही, जिससे सूरज की चमक कमजोर रही। सीकर, चूरू, गंगानगर, जयपुर, समेत उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के लगभग सभी जिलों में दिनभर सर्द हवाएं चली और दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट होने से सर्दी तेज हो गई। गुरुवार को सबसे ठंडा गंगानगर, हनुमानगढ़ जिला रहा। यहां पूरे दिन कोहरा रहने से दिन का अधिकतम तापमान 13.4 से 13.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। बारां और करौली जिले में भी दिन में तेज सर्दी रही, यहां दिन का अधिकतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे अधिक तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर जिले का रहा। जैसलमेर में कल अधिकतम तापमान 23.4, जोधपुर में 23.8, बीकानेर में 22.2, उदयपुर में 22.4, कोटा में 16.1, अजमेर में 21.4, जयपुर में 19.2, चित्तौड़गढ़ में 22, जालोर में अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में शीतलहर और गलन से बढ़ी ठिठुरन राजधानी जयपुर में बुधवार को हुई बारिश के बाद गुरुवार से सर्दी तेज हो गई। कल जयपुर में पूरे दिन सूरज की चमक कमजोर रही और अधिकतम तापमान यहां 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिनभर यहां सर्द हवाएं चली और शाम होने के साथ गलन बढ़ गई। मौसम विज्ञान ने जयपुर में आज और कल घना कोहरा छाने के साथ सर्द हवाओं का प्रभाव रहने की आशंका जताई है।


