हरदा कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई हुई। इस दौरान नागरिकों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष विभिन्न शिकायतें प्रस्तुत कीं। इनमें मजदूरी का भुगतान न होने और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पारिवारिक जमीन किसी अन्य के नाम करने जैसे मामले शामिल थे। जनसुनवाई में वार्ड नंबर 13 के युवाओं ने मानपुरा क्षेत्र में पुलिस जवानों की तैनाती की मांग की। क्षेत्र के पार्षद संजय दशोरे के साथ पहुंचे युवाओं को एसपी शशांक ने आश्वासन दिया कि मंगलवार रात 8 बजे से गश्त बढ़ाई जाएगी और पुलिस सहायता केंद्र पर जवानों को तैनात किया जाएगा। उन्होंने शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। मानपुरा निवासी शिवा गौर ने बताया कि क्षेत्र में असामाजिक तत्व रात के समय शराब पीकर उत्पात मचाते हैं। कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग गाली-गलौज और झगड़ा करते हैं, जिसका युवाओं पर गलत असर पड़ रहा है। युवाओं ने मांग की कि पूर्व से बने पुलिस सहायता केंद्र पर जवानों की तैनाती से अप्रिय स्थिति को रोका जा सकेगा। इसी जनसुनवाई में जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मगरधा वनक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम इंद्रपुरा के ग्रामीणों ने भी शिकायत दर्ज कराई। राजीव गांधी पंचायतराज संगठन के समन्वय हेमंत टाले के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने नाकेदार सुनील कुमरे के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की। ग्रामीण शिवकरण कोरकू ने बताया कि गत 30 सितंबर को दोपहर लगभग 12 बजे ग्राम पंचायत सचिव राजू गौर और नाकेदार सुनील कुमरे ने आदिवासी सशक्तिकरण कर्मयोगी के संबंध में एक बैठक बुलाई थी। इस बैठक में सभी ग्रामवासी उपस्थित थे और संबंधित विषयों पर चर्चा कर रहे थे। चर्चा के दौरान जब नाकेदार से फसल के मुआवजे के संबंध में पूछताछ की गई, तो वे अचानक नाराज हो गए और शिवकरण पिता मुंशी को गालियां देकर मारपीट की। ग्रामीणों ने नाकेदार के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उसे रेंज से हटाने की मांग की है।


