भाविप विवेकानंद शाखा की बैठक में दिव्यांग शिविर को लेकर समितियां गठित करने पर चर्चा

भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा भारत विकास परिषद शाखा विवेकानंद की बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। विशेष रूप से आगामी 10 फरवरी को दिव्यांगों के लिए लगाए जाने वाले कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण के लिए लगाए जा रहे शिविर की संरचना करते हुए समितियों के गठन पर चर्चा हुई। भाविप राजस्थान मध्य प्रांत की भीलवाड़ा विवेकानंद शाखा की बैठक शास्त्रीनगर स्थित भारत विकास परिषद भवन पर हुई। शाखा के सचिव गिरीश अग्रवाल ने बताया कि शिविर में महाराणा प्रताप, शिवाजी, भगत सिंह, सुभाष, मीरा, आजाद शाखाओं के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र से दिव्यांगों को लाकर कृत्रिम उपकरण उपलब्ध कराएंगे, इसके लिए सूची तैयार की जा रही है। प्रांतीय अध्यक्ष गोविंदप्रसाद सोडाणी ने बताया कि जिले की शाखाओं के अध्यक्ष व सचिव भी अपने-अपने क्षेत्र के दिव्यांगों की सूची 30 जनवरी तक प्रेषित करेंगे। शिविर में जिनके दुर्घटनाओं में हाथ और पैर कट गए, उनको कृत्रिम पैर व हाथ लगाए जाएंंगे, जो चलने में असमर्थ हैं, उनको ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, पोलियोग्रस्त को केलीपर्स लगाए जाएंगे। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग राजस्थान सरकार के सौजन्य से शिविर स्व. मनीष काबरा की प्रथम पुण्य स्मृति में लगाया जा रहा है। भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत के संरक्षक रामेश्वर काबरा के सानिध्य में अजय इंडिया लि. काशीपुरी वकील कॉलोनी माहेश्वरी भवन रामधाम के पीछे, काशीपुरी वकील कॉलोनी महेश समिति के सहयोग से लगेगा। शिविर को लेकर संयोजक गिरीश अग्रवाल, आदित्य मानसिंहका, मनोज माहेश्वरी तैयारियां कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *