रायसेन में आयोजित श्रीराम लीला मेले में मंगलवार को लंका दहन की लीला का मंचन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। लीला के अनुसार, हनुमान लंका में प्रवेश करते हैं और विभीषण से भेंट करते हैं। विभीषण उन्हें अशोक वाटिका का मार्ग बताते हैं। इसके बाद हनुमान माता सीता के पास पहुंचते हैं और उन्हें श्रीराम की मुद्रिका भेंट करते हैं। माता सीता द्वारा मुद्रिका पहचानने के बाद हनुमान उनसे मिलते हैं। इसके बाद वे अशोक वाटिका को तहस-नहस कर देते हैं, जिससे रावण क्रोधित हो उठता है। रावण मेघनाद को भेजता है, जो हनुमान को नागपाश में बांधकर रावण के समक्ष प्रस्तुत करता है। रावण अपने सेनापति को हनुमान की पूंछ में आग लगाने का आदेश देता है। हनुमान जी की पूंछ में आग लगते ही वे रौद्र रूप धारण कर लेते हैं। इसके बाद वे पूरी लंका को जलाकर राख कर देते हैं। लंका दहन के साथ ही मैदान में रंगीन आतिशबाजी की गई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान श्रीराम लीला मेले में भारी भीड़ उमड़ी। लोग अपने परिवारों के साथ मेले में पहुंचे और झूलों, सॉफ्टी, चाट, पानीपुरी का आनंद लिया, साथ ही खरीदारी भी की। देखिए तस्वीरें…


