शाजापुर में नए साल 2026 को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे शाजापुर जिला पुलिस द्वारा पुलिस लाइन से फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, टीआई सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व जवान शामिल रहे। यह फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर नई सड़क, बड़ा चौक, छोटा चौक, सोमवारिया बाजार, मगरिया चौराहा होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुआ। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आमजन को संदेश दिया कि नए साल को लेकर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अव्यवस्था या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान पुलिस बल सड़कों पर मुस्तैदी के साथ नजर आया, जिससे लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा। शाजापुर एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने बताया कि नए साल की पूर्व संध्या पर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नए साल की शुरुआत शांति और सौहार्द के साथ करें और किसी भी तरह के विवाद से बचें। पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। जगह-जगह पॉइंट लगाकर दोपहिया व चारपहिया वाहनों की सघन जांच की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें आयोजकों को कार्यक्रमों की अनुमति, समय सीमा, डीजे और लाउडस्पीकर के उपयोग के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर तुरंत सूचना दें।


