स्वदेशी उत्पादों को लेकर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रव्यापी अभियान चल रहा है। इस अभियान को लेकर मंगलवार को भोपाल के न्यू मार्केट में कार्यक्रम हुआ और रैली भी निकाली गई। रैली में ‘स्वदेशी अपनाओ, विदेशी भगाओ और देश को समृद्ध करो’ के नारे भी लगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक भगवानदास सबनानी बतौर अतिथि के रूप में मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री उइके ने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा से जुड़ा आंदोलन है। जिससे रोजगार सृजन और सामाजिक सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी। प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे स्वदेशी को अपने व्यापार का मूल मंत्र बनाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जनआंदोलन का स्वरूप दें। विधायक सबनानी ने कहा, स्वदेशी अपनाने से न केवल स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी, बल्कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में और अधिक सशक्त होकर उभरेगा। विदेशी उत्पादों का बहिष्कार करने की शपथ
सभी अतिथियों ने मौजूद व्यापारियों के साथ मिलकर स्वदेशी अपनाने, विदेशी उत्पादों के बहिष्कार एवं देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी की सामूहिक शपथ भी दिलाई। शपथ के दौरान पूरा सभागार ‘हर घर स्वदेशी’ के उद्घोष से गूंज उठा। संचालन कैट भोपाल के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने किया। उन्होंने भोपाल में ‘स्वदेशी मार्ट’ स्थापित किए जाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया( जिससे देशभर के स्वदेशी उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें और आम नागरिक स्वदेशी को व्यवहारिक रूप में अपना सकें। 1 दिसंबर से शुरू हुई थी यात्रा
कैट जिलाध्यक्ष शर्मा ने बताया, यह यात्रा 1 दिसंबर को पांढुर्णा से शुरू हुई और कई जिलों से होती हुई मंगलवार को भोपाल पहुंची। भोपाल में यह यात्रा मानसरोवर कॉलेज से न्यू मार्केट तक रैली के रूप में निकाली गई। जहां मार्ग में नागरिकों एवं व्यापारियों का उत्साह देखते ही बनता था। न्यू मार्केट के व्यापारियों ने यात्रा का स्वागत किया। ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच से केशव बुधौलिया, सुधीर दाते, सीमा भारद्वाज, कैट से सुनील अग्रवाल, राजीव खंडेलवाल, सुनील जैन, धर्मेंद्र शर्मा, भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष तेजकुलपाल पाली, हरिश ज्ञानचंदानी, मनीष अग्रवाल, मंजरी श्रीवास्तव, न्यू मार्केट से नानक दुआ, अजय अग्रवाल, कमल गौर आदि भी मौजूद थे।


