राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत तीन दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। वे मंगलवार रात करीब 8.30 बजे नियमित विमान से रायपुर पहुंचेंगे। प्रवास के दौरान वे हिंदू सम्मेलन, युवा संवाद और सामाजिक सद्भावना बैठक जैसे कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 31 दिसंबर को युवा संवाद और हिंदू सम्मेलन 31 दिसंबर को डॉ. मोहन भागवत रायपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम हिंदू सम्मेलन से पहले सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से लगभग दो हजार युवाओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद वे हिंदू सम्मेलन में भाग लेंगे। 1 जनवरी को सामाजिक सद्भावना बैठक नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी को राम मंदिर परिसर में सामाजिक सद्भावना बैठक आयोजित की जाएगी। सुबह 9 से 12 बजे तक चलने वाली इस बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में सामाजिक समरसता और समकालीन विषयों पर चर्चा की जाएगी। सोनपैरी गांव में विशाल हिंदू सम्मेलन RSS प्रांत के तत्वावधान में रायपुर से सटे अभनपुर क्षेत्र के सोनपैरी गांव में 31 दिसंबर को दोपहर 3 बजे विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया है। सम्मेलन में प्रदेशभर से 30 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। इस सम्मेलन में डॉ. मोहन भागवत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। संतान संस्कृति और सामाजिक समरसता पर जोर कार्यक्रमों के दौरान डॉ. भागवत सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखेंगे। प्रवास के समापन के बाद वे शाम तक रायपुर से लौट जाएंगे।


