सिटी रिपोर्टर | बोकारो झारखंड नगर निकाय चुनाव में पिछड़ा और अत्यंत पिछड़ा वर्ग को आरक्षण देने के लिए आयोग के निर्देश पर चास नगर निगम में ट्रिपल टेस्ट का काम पूरा हो गया है। सर्वेयर निगम क्षेत्र के सभी 36000 घरों में डोर टू डोर सर्वेक्षण कर रिपोर्टर नगर निगम कार्यालय में जमा कर चुके हैं। अब डाटा इंट्री का काम किया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार के अनुसार अभी तक 1600 का डाटा इंट्री किया गया है। उपायुक्त विजया जाधव ने इस संबंध में प्रगति रिपोर्ट के लिए गुरुवार को बैठक की। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को डाटा इंट्री कार्य में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त कंप्यूटर ऑपरेटर लगाने का निर्देश दिया। एएमसी ने डीसी को बताया कि निगम के छह और पंचायती राज विभाग से मिले 14 कंप्यूटर ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति हुई है। डाटा इंट्री का काम समय पर पूरा कर लिया जाएगा। जारी मतदाता सूची में दर्ज नामों के साथ सर्वे में उपलब्ध नामों की मैपिंग की जाएगी। समीक्षा बैठक में डीसी के अलावा उप विकास आयुक्त गिरजा शंकर प्रसाद, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, सहायक नगर आयुक्त प्रियंका कुमारी, सहायक नगर आयुक्त जयपाल सिंह मुंडा आदि मौजूद थे। मतदान केंद्रों का प्रारूप प्रकाशित, एक सप्ताह में दर्ज कराएं दावा-आपत्ति जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. शफीक आलम ने बताया कि मतदान केंद्र प्रारूप का प्रकाशन ”फार्म ए” में बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त ने कर दिया गया है। मतदान केंद्रों की सूची का प्रारूप प्रकाशन नगर निगम चास, नगर परिषद फुसरो, चास-बेरमो प्रखंड सह अंचल कार्यालय, दोनों अनुमंडल कार्यालय, समाहरणालय के सूचना पट्ट पर प्रकाशित कर दिया गया है। अगर किसी मतदाता का कोई दावा-आपत्ति हो तो, वह एक सप्ताह के अंदर अपना दावा-आपत्ति चास एवं बेरमो बीडीओ के समक्ष दर्ज करा सकेंगे।


